कोरोनाकाल में लाखों लोगों ने शहर से गांव का रुख किया है। किसी ने अपनी बिजनेस शुरू किया है तो कोई ऑर्गेनिक सब्जी की खेती कर रहा है। आप में से भी कई लोग ऐसे होंगे जो गांव में रहकर ही कमाई करने का कोई तरीका खोज रहे होंंगे। यदि आप भी पढ़े लिखे हैं और गांव से ही कुछ करना चाहते हैं तो सरकार के पास एक स्कीम है जो आपकी मदद कर सकती है। सरकार की इस स्कीम के तहत आप गांव से ही अच्छी कमाई कर सकते हैं।
सरकार की यह स्कीम डिजिटल इंडिया के अंतर्गत आती है और इसके लिए आपको पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। उसके बाद आपको एक ऑनलाइन ट्रेनिंग भी मिलेगी। ट्रेनिंग पूरा होने के बाद आपको सर्टिफिकेट मिल जाएगा और उसके बाद आप अपने गांव या घर से ही काम शुरू कर सकते हैं। कमाई आप खुद तय कर सकते हैं, सरकार की ओर से कोई दबाव नहीं होगा।
सरकार की डिजिटल इंडिया के तहत आप अपने गांव में सामान्य सेवा केंद्र यानी कॉमन सर्विस सेंटर (Common Service Center) खोलकर अपनी कमाई कर सकते हैं। इस योजना का मकसद ग्रामीण नौजवानों को उद्यमी बनाने और डिजिटल इंडिया के फायदे को गांव-गांव तक पहुंचाना है। आइए जानते हैं प्रक्रिया के बारे में।
अगर आप सामान्य सेवा केंद्र खोलने के लिए तैयार हैं और आपको कंप्यूटर चलाने आता है तो सबसे पहले register.csc.gov.in पर जाकर कॉमन सर्विस सेंटर के लिए रजिस्ट्रेशन करें। रजिस्ट्रेशन के समय आपको 1,400 रुपये का भुगतान करना होगा।
आवेदन स्वीकार होने के बाद आपकी ट्रेनिंग होगी। इसके बाद आपको सर्टिफिकेट मिल जाएगा। सर्टिफिकेट के साथ ही आपको कई सारी सेवाओं की अनुमति मिलेगी जो एक सामान्य साइबर कैफे वाले को नहीं मिलती है।
अपने केंद्र पर आप ऑनलाइन कोर्स, सीएससी बाजार, कृषि सेवाएं, ई कॉमर्स सेल, रेल टिकट, एयर और बस टिकट की बुकिंग के साथ-साथ, मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज का काम कर सकते हैं। इसके अलावा आप पैन कार्ड बनाने से लेकर पासपोर्ट बनाने समेत कई सरकारी काम कर सकेंगे। इन कामों के बदले सरकार आपसे पैसे नहीं लेगी। किसी काम की कीमत आप अपने गांव के हिसाब से खुद तय कर सकते हैं।

