
सत्यबन्धु भारत
न्यूज़ डेस्क। जम्मू और कश्मीर में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। जम्मू संभाग के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश से तापमान में गिरावट आई है। लेकिन इसके विपरीत कश्मीर में तपिश से कोई राहत नहीं मिल पाई। श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री चढ़कर 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो जुलाई में 33 साल बाद दर्ज हुआ। इससे पहले 21 जुलाई 1988 को श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बारिश न होने के कारण रात्रि तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। कश्मीर संभाग के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। लेह और कारगिल में भी तपिश बढ़ी है। श्रीनगर में मंगलवार को मौसम साफ रहा। इससे तपिश में बढ़ोतरी हुई है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री चढ़कर 34.6 दर्ज किया गया।
मानसून के बीच इस तरह के मौसम से जम्मू संभाग से अधिक कश्मीर में तपिश कायम है। घाटी के लोगों को बारिश का इंतजार है। कश्मीर के अन्य कई जिलों में भी दिन का तापमान 36 डिग्री तक चला गया है। कुपवाड़ा में 35.2, पहलगाम में 29.6 और गुलमर्ग में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में दिन का तापमान 37.5 और लेह में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार
जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में अगले चौबीस घंटे में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान संभावित स्थानों पर बाढ़, भूस्खलन और पत्थर गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 31 जुलाई तक जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में मंगलवार को हल्की बारिश हुई। मौसम के बदले मिजाज से तापमान में गिरावट आई है। जम्मू के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ दिनभर बादल छाए रहे। दो दिन से बदले मौसम से दिन का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री गिरकर 30.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में 5.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कटड़ा में दिन का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री गिरकर 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। यहां 9.1 मिलीमीटर बारिश हुई। बनिहाल में दिन का तापमान 29.4, बटोत में 26.6, भद्रवाह में 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां 9.1 मिलीमीटर बारिश हुई।
