लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

200 बोरी सीप(मोलस्का) के साथ दो को दबोचा

 बाजार में लगभग 15 लाख से ऊपर सीप की कीमत


सत्यबन्धु भारत 

सांडी,हरदोई। सांडी कोतवाली क्षेत्र में वन विभाग व पुलिस टीम ने शनिवार को ग्राम समजलपुर से पहले खड़े एक ट्रक यूपी58 टी 3146 में 200 बोरी लदी सीप बरामद हुई। पुलिस ने बिहार निवासी मो. नवी आलम पुत्र मो. इस्लाम व्यापारी और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कोईलाई गांव निवासी ठेकेदार भाग गया। वन रेंजर हनुमान प्रसाद ने बताया कि बरामद की गई सीपों की कीमत लगभग 15 से 18 लाख रुपये है।

सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम समजलपुर और मोहम्दीपुर में काफी समय से गर्रा नदी से सीपें निकाल कर एकत्रित की गई थी। सीपों की दुर्गंध से लोगों को खासी परेशानी हो रही थी। इस पर आसपास के लोगों ने वन विभाग और पुलिस से इसकी शिकायत की थी। शनिवार को पुलिस और वन विभाग की टीम ने छापा मारा। जहां एक ट्रक में सीपें लदी पाई गई।

पुलिस टीम ने ट्रक के साथ बरामद 200 बोरी सीपों को कब्जे में ले लिया। मौके पर मौजूद बिहार के थाना व गांव कोठिया हरिनामपुर निवासी व्यापारी मोहम्मद नवी आलम व  चालाक चंद्रिका प्रसादपुत्र राम शंकर मिश्र निवासी ग्राम कुशहरा थाना बखिरा जनपद संतकबीर नगर को हिरासत में ले लिया है। रेंजर हनुमान प्रसाद ने बताया कि पानी से सीप निकालना जीव जंतु के साथ क्रूरता है। चोरी छिपे व्यापारी यह काम कराते हैं। व्यापारी श्रमिकों के जरिये सीपें निकलवाकर सुखा देते हैं।

इसके बाद तस्करी की जाती है। सीपें मुरादाबाद समेत अन्य जगहों पर ले जाते हैं। जहां इनसे मोती निकाले जाते हैं। बताया कि बरामद की गई सीपों की कीमत 15 से 18 लाख रुपये तक है। इसका सही मूल्यांकन कराया जा रहा है। हल्का प्रभारी अनिल कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि हिरासत में लिए गए बिहार के व्यापारी व चालक समेत सांडी के ग्राम कोईलाई निवासी ठेकेदार कंचन के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक व व्यापारी को पूछताछ कर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी कंचन की तलाश की जा रही है,जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा।