
सत्यबन्धु भारत।
न्यूज़ डेस्क दिल्ली। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में की गई बढ़ोतरी के बाद इस साल यानी 2021 में अभीतक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 16.24 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं डीजल की कीमत में अभीतक प्रति लीटर 15.41 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
1 जनवरी 2021 को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत की 83.97 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब 16.24 रुपये प्रति लीटर की तेजी के साथ 100.21 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह 1 जनवरी 2021 को दिल्ली में डीजल की कीमत 74.12 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब 15.41 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 89.53 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत मे हुई बढ़ोतरी की बात करें, तो सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 2021 में अभी तक के 188 दिनों में पेट्रोल की कीमत में कुल 62 बार बढ़ोतरी कर चुकी हैं, जबकि डीजल की कीमत 60 बार बढ़ाई जा चुकी है। वहीं इस साल पेट्रोल और डीजल की कीमत में सिर्फ चार बार मामूली कटौती की गई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जनवरी के महीने में 10 बार, फरवरी के महीने में 16 बार, मई के महीने में 16 बार, जून के महीने में 16 बार और जुलाई के महीने में अभी तक 4 बार पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में बढ़ोतरी की है। इसमें जुलाई के महीने में दो बार यानी 2 जुलाई और 5 जुलाई को सिर्फ पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी की गई। इन दोनों दिन डीजल की कीमत में बढ़ोतरी नहीं की गई थी। जबकि 4 जुलाई और आज यानी 7 जुलाई को पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमत में बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने मार्च के महीने में तीन बार और अप्रैल के महीने में एक बार पेट्रोल और डीजल की कीमत में मामूली कटौती की थी।
आपको बता दें कि इस साल 27 फरवरी को पेट्रोल और डीजल की कीमत में साल की 26वीं बढ़ोतरी करने के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बावजूद 65 दिन तक कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद 4 मई को 66 दिन के अंतराल पर पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की गई। 4 मई से लेकर अभी तक के 64 दिनों में ही अभी तक सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 36 बार पेट्रोल की कीमत में और 34 बार डीजल की कीमत में बढ़ोतरी कर चुकी हैं।
सिर्फ चार मई से लेकर आज तक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में कुल 36 बार में 9.81 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसी तरह इन 64 दिनों में कुल 34 बार की की गई बढ़ोतरी की वजह से डीजल की कीमत में अभी तक प्रति लीटर 8.70 रुपये का इजाफा हो चुका है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा की गई बढ़ोतरी के वजह से राजधानी दिल्ली में मई में पेट्रोल की कीमत में 3.83 रुपये प्रति लीटर, जून में 4.58 रुपये प्रति लीटर और जुलाई में 1.40 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। इसी तरह डीजल की कीमत में मई में 4.32 रुपये प्रति लीटर, जून में 4.03 रुपये प्रति लीटर प्रति लीटर और जुलाई में अभी तक 35 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमत में जिस तरह से लगातार तेजी आ रही है, उसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस महीने भी पिछले महीनों की तरह ही पेट्रोल और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 3 से 4 रुपये तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में पेट्रोलियम की 80 फीसदी जरूरत के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करने वाले भारत के उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में भी पेट्रोल और डीजल के लिए ऊंची कीमत चुकाने के लिए तैयार रहना होगा।
