
सत्यबन्धु भारत।अरुण शुक्ला
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मंगलवार देर बड़ा हादसा हो गया। रामसनेहीघाट के कल्याणी नदी के पुल पर खराब खड़ी डबल डेकर बस में लखनऊ की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस में सवार और उसके नीचे सो रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। प्राथमिक सूचना के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।। घायलों को राम सनेहीघाट सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल घायलों और मृतकों की सटीक संख्या और नाम की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से शवों को हाईवे से हटाने और घायलों को अस्पताल भेजवाने में जुटी हुई है।हरियाणा से बिहार जा रही निजी ट्रेवेल्स की डबल डेकर बस मंगलवार की देर रात हाईवे पर अयोध्या जिले की सीमा पर कल्याणी नदी के पास खराब हो गई। इसके बाद यात्री उतरकर बस के नीचे और उसके आगे व आसपास लेट गए। इसी बीच लखनऊ की ओर से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इससे बस और ट्रक की चपेट में आकर करीब 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। बस में कितने लोग सवार थे इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस ऋषभ ट्रेवेल्स की है। यात्रियों ने बताया कि एक्सेल टूटने से बस बीच रास्ते खराब हो गई थी।तेज बारिश के बीच बचाव कार्य : हादसे के कुछ देर बाद ही तेज बारिश शुरू हो गई। एसडीएम जितेंद्र कटियार व सीओ पंकज सिंह के नेतृत्व में बारिश के बीच पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को निकालने और घायलों को अस्पताल भेजवाने का कार्य किया। एसपी यमुना प्रसाद ने करीब ढाई बजे घटनास्थल व सीएचसी का जायजा लिया। एसपी यमुना प्रसाद ने 11 की मौत की पुष्टि की है। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाई वे पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इससे करीब तीन किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। हादसे का शिकार लोग बिहार के सीतामढ़ी, सुपौल सहित विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं।
