अलीगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार (Ashish Kumar) की बहादुरी का किस्सा सोशल मीडिया पर वायरल है। नदी में डूब रहे युवक की जान बचाने के लिए सब इंस्पेक्टर ने अपनी जान की भी परवाह नहीं की। एसआई ने बचपन में ही तैराकी सीखी थी लेकिन उसके बाद से कभी उन्होंने तैराकी की थी। नहर में डूबते युवक को देखकर उनके मन में सवाल भी आया कि क्या वो इतने सालों बाद तैर भी पाएंगे या नहीं लेकिन जब जान बचाने की की बारी आई तो उन्होंने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी (Kalanidhi Naithani) सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार की इस बहादुरी के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है।
घटना 20 जून की गंगनहर सांकरा (Gangnahar Sankra) की है। थाना दादों में तैनात सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे नहर की पटरी पर ग्राम हारुनपुर खुर्द के रहने वाला तेज सिंह यादव खड़ा हुआ था। अचानक ही वो गंगनहर में गिर गया। कोई कुछ समझ पता उससे पहले ही पानी के तेज बहाव वो बहाने लगा। लोग उसके बचाने के लिए चिल्लाने लगे। ऐसे में जब किसी ने भी युवक की जान बचाने की कोशिश नहीं की तो एसआई आशीष कुमार ने नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी और युवक को बचाकर बाहर ले आये।
ट्विटर पर अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इस घटना का वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि ‘अलीगढ़ पुलिस के जांबाज सब इंस्पेक्टर आशीष ने बचपन में तैराकी सीखी। उसके बाद कई सालों तक तैराकी नहीं की लेकिन डूबते हुए की जान बचाने के लिए खाकी किस कदर समर्पित है यह दुनिया को दिखा दिया है। सब इंस्पेक्टर आशीष को प्रशस्ति पत्र एवं 25000 रुपए प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाती है।
जांबाज सब इंस्पेक्टर (brave sub-inspector) आशीष कुमार की बहादुरी को देखते यूपी के गृह विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अवनीश अवस्थी (Avneesh Awasthi) ने भी पचास हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

