पाली क्षेत्र के ज्यूरा में करंट लगने से युवक की मौत
सत्यबन्धु भारत
पाली,हरदोई। जनपद के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम ज्यूरा में एक युवक के ऊपर सीलिंग फैन गिर गया, जिससे उसे तेज करंट लगा । करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया । परिजन उसे लेकर आनन फानन अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई । युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम ज्यूरा निवासी देवेश ( 17 ) पुत्र स्व0 सर्वेश यादव खेत से काम करके सोमवार को घर लौटा। अपने बैलों को पानी देकर वह हवा खाने के लिए सीलिंग फैन के नीचे लेट गया । इसी बीच सीलिंग फैन तार समेत उसके ऊपर आ गिरा। जिससे उसके तेज करंट लगने से देवेश बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे लेकर नजदीकी अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया । युवक देवेश के पिता सर्वेश की करीब 3 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है । पति और उसके बाद बेटे की मौत से सरोजनी देवी पर तो मानो जैसे विपत्तियों का पहाड़ ही टूट पड़ा हो । सरोजनी के करुण विलाप को देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई । देवेश से बड़ा एक भाई अनुराग यादव हैं। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश राय ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है,न ही परिजनों ने कोई सूचना दी।

