
सत्यबन्धु भारत,
अरुण शुक्ला
बाराबंकी। (सिध्दौर)कस्बा की मुख्य बाजार में अनलॉक के एक दिन पूर्व ही ज्यादातर दुकानें खुली रहीं। शहर का नजारा अनलॉक जैसा दिखाई दिया। बाजार में खरीदारी की आपाधापी में लोग नियमों को भूल गए। सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार दिखाई दी। बाजार में लोहे की दुकानें, सरिया, सीमेंट, टाइल्स, मशीनरी एंड टूल्स, इंजन आदि की बड़ी दुकानें भी खुली रहीं।
शहर में मुख्य बाजार समेत कई जगह लापरवाही देखने को मिली। सबसे बुरा हाल मुख्य बाजार व सिध्दौर से जैदपुर जाने वाली रोड का था। यहां लॉकडाउन ध्वस्त नजर आया। शादी विवाह के चलते लोग सामान लेने बाजार पहुंच गए तो दुकानदार भी सामान बेचते दिखाई दिए। वैवाहिक कार्यक्रम के चलते लोग जैसे-तैसे सामान का इंतजाम करने में लगे रहे।
कॉस्मेटिक के दुकानदार आधा शटर गिराकर सामान बेचते रहे। गलियों व मोहल्लों में सुबह से ही जगह-जगह लोगों का जमावड़ा रहा। सिध्दौर से जैदपुर रोड पर लोहे, कॉस्मेटिक, ताला आदि की दुकानें और कोटवा सड़क रोड पर सरिया, सीमेंट, टाइल्स, जैदपुर रोड पर मशीनरी एंड टूल्स, इंजन आदि की कई दुकानें खुली दिखी।
आज सुबह सात से शाम सात बजे तक खुलेंगी दुकानें
मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक सप्ताह के पांच दिन बाजार खुलेंगे। जबकि शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। साप्ताहिक बंदी के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन व फॉगिंग का अभियान चलाया जाएगा। दुकानदार व मौजूद अन्य स्टाफ मास्क और दो गज की दूरी का पालन करेगा।
दफ्तरों में 50 प्रतिशत कर्मचारी ही रहेंगे उपस्थित
कोरोना के अभियान से जुड़े फ्रंटलाइन सरकारी विभागों में अधिकारियों कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। जबकि शेष सरकारी कार्यालय अधिकतम 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुलेंगे। 50 प्रतिशत कर्मियों को भी रोटेशन से बुलाया जाएगा।
