लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान/दस्तक अभियान का जिला स्तरीय बैठक का आयोजन



सत्यबन्धु भारत - रजत अवस्थी 

 उन्नाव। जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के साथ विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की अन्तर्विभागीय बैठक आहूत की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम हेतु  01 जुलाई 2021 से 31 जुलाई 2021 एवं दस्तक अभियान 12 जुलाई 2021 से 25 जुलाई 2021 तक संचालित किया जाएगा।संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने के लिए इस विषय पर एक संपूर्ण सोच के साथ संबंधित विभागों के मध्य उचित समन्वय का होना आवश्यक है । 

    उन्होंने निर्देश दिए कि 22 से 24 जून के मध्य ब्लॉक स्तर पर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण बीआरसी केंद्र में, 22 जून को नगर पालिका, 24 जून को नगर पंचायत की बैठक ,25 से 26 जून तक  ग्राम विकास अधिकारी की संवेदीकरण बैठक प्रत्येक दशा में संबंधित विभाग के अधिकारी पूर्ण कराए तथा अपने विभाग से संबंधित कार्य योजना तैयार कर दिनांक 28 जून 2021 तक प्रत्येक दशा में जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की उदासीनता क्षम्य नहीं होगी।

     संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 

       चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार से संबंधित रोकथाम एवं नियंत्रण गतिविधियों हेतु जनपद, ब्लॉक तथा पंचायत/ग्राम स्तरों पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय हेतु नोडल विभाग का कार्य करेगा। संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के केसों की निगरानी, लक्षण युक्त व्यक्तियों की कोविड-19 जांच करवाना, क्षय रोगों के लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था, रोगियों के निःशुल्क परिवहन हेतु रोगी वाहन की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार ,लार्वारोधी गतिविधियों, मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण तथा विश्लेषण का कार्य किया जाएगा।

      नगर विकास विभाग द्वारा नगरीय निकायों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों का संचारी रोगों की रोकथाम तथा साफ-सफाई के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संवेदीकरण, नगरीय क्षेत्र में मोहल्ला निगरानी समितियों के माध्यम से कोविड-19 तथा संचारी रोगों के विषय में निरंतर जागरूकता बनाए रखना तथा कोविड-19 रोग लक्षण युक्त व्यक्तियों को मेडिसिन उपलब्ध कराने में सहयोग करना, नगरीय क्षेत्रों में वातावरणीय तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के उपायों, खुले में शौच न करने, शुद्ध पेयजल के प्रयोग तथा मच्छरों की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान संचालित करना, खुली नालियों को ढकने की व्यवस्था, नालियों/कचरों की सफाई करवाना, शहरी क्षेत्रों में फागिंग करवाना, उथले हैंडपंपों का प्रयोग रोकने के लिए उन्हें लाल रंग से चिन्हित करवाना, जलभराव तथा वनस्पतियों की वृद्धि को रोकने के लिए सड़कों का निर्माण करवाने का कार्य किया जाएगा। 

    पंचायती राज विभाग/ग्राम विकास विभाग द्वारा जनसंपर्क तथा जनजागरण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वेक्टर जनित वातावरण को समाप्त करने तथा वातावरणीय स्वच्छता संबंधी कार्य किया जाएगा।

          पशुपालन विभाग द्वारा सुअर पालकों को अन्य व्यवसाय जैसे पोल्ट्री उद्योग को अपनाने हेतु जागरूक एवं प्रेरित करना, सूकर पालन स्थल पर वेक्टर नियन्त्रण एवं सीरो सर्विलेंस की व्यवस्था करना, यथासंभव सूकर बाड़े मनुष्य आबादी से दूर स्थापित करवाना, सूकर पालकों को सूकर बाड़े की साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव हेतु प्रशिक्षित करना, सभी प्रकार के पशु बाड़े की स्वच्छता, कचरा निस्तारण तथा मच्छर रोधी जालों का प्रयोग हेतु पशुपालकों का गहन संवेदीकरण का कार्य कराएंगे। 

   बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार से बचाव हेतु प्रशिक्षण प्रदान कर संवेदीकरण किया जाना, कुपोषित बच्चों का चिन्हींकरण एवं पोषाहार वितरण, कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर पुनर्वास केंद्रों पर भेजना, ए0ई0एस0/जे0ई0 रोग से विकलांग कुपोषित बच्चों को अति कुपोषित बच्चों की भांति पुष्टाहार/टेक होम राशन उपलब्ध कराना, संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार हेतु जन जागरण अभिमान यथा दस्तक अभियान में स्थानीय ए0एन0एम0 तथा आशा को सहयोग करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करना है।

       शिक्षा विभाग द्वारा अभिभावकों-शिक्षकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर कोविड-19, दिमागी बुखार एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव, रोकथाम एवं उपचार हेतु संवेदीकरण करने विशेषकर सुरक्षित पीने का पानी, शौचालय का प्रयोग, खुले में शौच के नुकसान पर जोर दें।हर बुखार खतरनाक हो सकता है, दिमागी बुखार के कारण क्या है, बुखार होने पर (क्या करें क्या ना करें) के विषयक में जागरूक कराएंगे। व्हाट्सएप ग्रुप पर क्लोरिनेशन डेमो,  साबुन से हाथ धोना, शौचालय का प्रयोग इत्यादि के विषय में जागरूक करने का कार्य किया जायेगा।

       दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पशु पालन विभाग ,कृषि एवं सिंचाई विभाग, सूचना विभाग, उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को संपादित कर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान माह जुलाई 2021 को सफल बनाएं।

     बैठक में अपर जिला अधिकारी राकेश कुमार सिंह,मुख्य विकास अधिकारी दिव्यांशु पटेल , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बी बी भट्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र कुमार ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार पांडे, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ,जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर श्वेता अंशु,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आरके गौतम, डॉ तन्मय कक्कड़, ड्रा अर्जुन सिंह ,   ड्रा विवेक गुप्ता,जिला मलेरिया अधिकारी रमेश चंद्र यादव सहित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नगर पालिका एवं टाउन एरिया के अधिशासी अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।