सत्यबन्धु भारत, अरुण शुक्ला
बाराबंकी। जाली नोट का धंधा करने वाले एक गिरोह को पुलिस ने पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस द्वारा पकड़े गए चार आरोपी अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ आदि जिलों में इन नोटों की सप्लाई करते थे। ये आरोपी लखनऊ व अयोध्या जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से दो लाख 11 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं।
इसके साथ ही इनके पास से जाली नोट बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाला सामान भी बरामद किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि यह 10 हजार असली नोट के बदले 30 हजार जाली नोट देकर उन्हें खपाने का काम करते थे। पुलिस इस गिरोह के अन्य आरोपियों का भी पता लगा रही है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनको कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है।एसपी यमुना प्रसाद ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सतरिख पुलिस ने क्षेत्र के बीजेमऊ नहर पुलिया के पास ग्राम गोकुलपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में लखनऊ जिले के आलमबाग के प्रेमनगर के निवासी बीएससी डिग्रीधारक सौरभ तिवारी (बीएससी), अयोध्या जिले के रुदौली थाना के ग्राम सूजागंज के शिवशंकर वर्मा (हाईस्कूल), थाना पटरंगा के ग्राम सुलेमानपुर के मो. अलीम (इंटर और आईटीआई पास) शामिल हैं।
इसके अलावा अयोध्या जिले के ही रुदौली थाने के सूजागंज के रितिक मिश्रा भी पकड़ा गया है। रितिक इंटर पास है। पुलिस ने इनके पास से दो लाख 11 हजार रुपये के जाली नोट, लैपटॉप, चार्जर, माउस, की-बोर्ड, प्रिंटर स्कैनर, चार मोबाइल फोन, सादा कागज, दो बाइक बरामद की है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शिवशंकर वर्मा अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र के दिवाली चौराहा पर जनसेवा केंद्र चलाता है। यहां पर पहुंचकर ये लोग लैपटॉप से अटैच स्कैनर से असली भारतीय मुद्रा की 500 व 2000 रुपये की नोट को स्कैन कर लेते हैं।
इसके बाद लैपटॉप में अपलोड सॉफ्टवेयर के माध्यम से असली भारतीय मुद्रा की तरह ही जाली नोट का प्रिंट करके निकाल लेते थे। इनमें से सौरभ तिवारी व रितिक मिश्रा 500 व 2000 रुपये के जाली नोटों को मार्केट में खपाते थे। यह सब 30 हजार जाली नोटों के बदले 10 हजार रुपये असली लेते थे। जाली नोट का गिरोह पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतरिख बृजेश कुमार, एसआई पशुपति नाथ तिवारी, हरिश्चंद्र यादव, बृजनाथ द्विवेदी, सूरज जायसवाल, पुष्पेंद्र सिंह, यादवेंद्र आदि शामिल रहे। एसपी ने टीम को 25 हजार का इनाम दिया है।

