सत्यबन्धु भारत, गुलशन सिद्दीकी
बीकापुर अयोध्या। मंगलवार को बीकापुर विशुही पुल के बगल एनकाउंटर पॉइंट बन चुके बरहुपुर मोड़ पर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल होने की खबर आई। बीकापुर पुलिस ने दावा किया है कि सुबह करीब 1:30 बजे सघन चेकिंग के दौरान पांच शातिर बदमाश उसके हत्थे चढ़े। पुलिस ने दावा किया है कि पांचों बदमाशों को रुकने की चेतावनी देने के बाद नौबत मुठभेड़ की आ गई। पुलिस के अनुसार भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस को मजबूरन फायर करके दबोचना पड़ा। 5 बदमाशों में से 3 के पैर में गोली लगने के कारण बाकी 2 भी पुलिस की गिरफ्त मे आ गए। पुलिस कप्तान शैलेंद्र पांडेय ने बताया है कि स्थानीय बीकापुर पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी की रात में सुल्तानपुर की ओर से कार से कुछ बदमाश चौरे बाजार के रास्ते गुजरने वाले हैं। सतर्क हुई स्थानीय पुलिस ने स्वाट टीम के साथ विशुही पुल के पास बरहूंपुर मोड़ पर नाकेबंदी की। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाकेबंदी के दौरान कार पर सवार बदमाशों ने पुलिस की नाकेबंदी को नकारते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि चेतावनी के बाद भी भाग रहे बदमाशों को मजबूरन गोली मारनी पड़ी। पुलिस द्वारा प्राप्त विवरण के अनुसार प्रतापगढ़ जनपद के मूल निवासी पांचों बदमाश एटीएम क्लोनिंग कर ग्राहकों को ठगने का काम करते थे। पुलिस को पांचों बदमाशों के पास से रिवाल्वर , कारतूस , लैपटॉप , डिवाइस , कार्ड रीडर तथा कई एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाश मनीष सिंह देशराज ऋषिकेश पाल नीरज सिंह श्याम सिंह सभी जनपद प्रतापगढ़ के निवासी बताए जाते हैं। पुलिस की गोली से घायल मनीष सिंह , देशराज , ऋषिकेश पाल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे हैं। बताते चलें कि विशुही पुल के करीब बरहुपुर मोड नाम से मशहूर यह संवेदनशील स्थान पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ का स्थल बन गया है। पहले भी कई नामी गिरामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़कर ढेर हो चुके हैं। केस डायरी में अक्सर पुलिस अपनी स्क्रिप्ट में इसी स्थान से अपने अभियुक्तों की गिरफ्तारी दिखाना पसंद करती है।

