लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

लखनऊ में भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी का प्रथम राष्ट्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न




महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सरकार से त्वरित कदम उठाने की मांग

लखनऊ, 10 अक्टूबर 2026। भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी का प्रथम राष्ट्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन गांधी प्रेक्षागृह, गांधी भवन स्थित डॉ. दाऊ जी गुप्ता सभागार, लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी रामाशीष राय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, झारखंड और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के उद्घाटन भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामाशीष राय ने देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, पड़ोसी देशों के साथ संबंध, व्यापार, सीमा पर आतंकवाद, विदेश नीति, राजनीतिक गिरावट तथा संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र की स्थिति पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और गांव-गांव जाकर जनसंपर्क एवं आंदोलन चलाने का आह्वान किया।

राय ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति के विचारों को आगे बढ़ाने की बात कहते हुए छात्रों, मजदूरों और किसानों के बीच व्याप्त असंतोष को दूर करने के लिए सकारात्मक कदम उठाने तथा आवश्यक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं, लोकतंत्र की गरिमा और सम्मान बनाए रखने पर भी जोर दिया।

महंगाई और बेरोजगारी पर उठाई आवाज

सम्मेलन को संबोधित करते हुए रामाशीष राय ने देश की आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही बेरोजगारी तथा किसानों के एमएसपी से जुड़े मुद्दों पर भी शीघ्र निर्णय लेने की मांग रखी। बेरोजगारी दूर करने के लिए रोजगार को मौलिक अधिकार से जोड़ने की मांग भी सम्मेलन में उठाई गई।

राजनीतिक एवं आर्थिक पुनर्गठन पर चर्चा

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सम्मेलन में पार्टी की ओर से राजनीतिक, आर्थिक और देश के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। विभिन्न पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

सम्मेलन में पूर्व अध्यक्ष डॉ. हुसैन प्रसाद गुप्त, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा, राजनारायण प्रसाद, रमेश प्रसाद अवस्थी, सर्वजीत सिंह सूर्यवंशी, अलका राय, पूनम मिश्रा, सुनील शुक्ला और अनीस लाल श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन राघवेन्द्र प्रताप सिंह यादववंशी ने किया। सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों से पार्टी को एक स्वच्छ राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता के सामने प्रस्तुत करने के लिए संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

सत्यबन्धु भारत | लखनऊ