लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

राष्ट्रीय खेल दिवस पर योगासन प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाया योग कौशल







लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेड रोज स्कूल की विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता को पांच वर्गों में विभाजित किया गया।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका लोकबंधु अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर एवं योगाचार्य पं. नवीन तथा योग शिक्षिका साक्षी सिंह ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के योगासन, संतुलन, अनुशासन और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर रेड रोज स्कूल के फाउंडर मैनेजर आर.सी. मिश्रा, एम.डी. डा. प्रशांत कुमार मिश्रा, चेयरपर्सन डा. स्मिता मिश्रा, प्रधानाचार्या आरती चतुर्वेदी तथा स्पोर्ट्स टीचर आशीष शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इन विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

योगासन प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में शनाया, अदिति वर्मा, रोहित यादव, साक्षी पांडेय तथा आर्यन सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं देवांग शुक्ला, मैत्रेयी यादव, समर्थ नागवानी, भूमि सिंह सेंगर तथा योगेंद्र मौर्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें योग एवं खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

योग से बेहतर होता है शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं योगाचार्य पं. नवीन ने कहा कि नियमित रूप से योगासन करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। योग शरीर में ऊर्जा का संचार करने के साथ ही एकाग्रता और सकारात्मकता बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने बच्चों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि योगासन प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि बच्चों में योग, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है।

प्रधानाचार्या आरती चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन, मिल-जुलकर काम करने और नियमों का पालन करने की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।