![]() |
| लखनऊ नोबल एकेडमी में AI कार्यशाला में शामिल विद्यार्थी |
लखनऊ। नवयुग धरोहर धरा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थान के तत्वावधान में लखनऊ नोबल एकेडमी में विद्यार्थियों के लिए ‘AI, AI क्या है भाई?’ विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को रोचक गतिविधियों और मनोरंजक अंदाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बुनियादी जानकारी देना और तकनीक के प्रति उनकी जिज्ञासा बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “AI से डरना नहीं भाई, AI को समझना है” संदेश के साथ यह समझाया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिम्मेदारी और समझदारी के साथ इस्तेमाल किस तरह पढ़ाई तथा दैनिक जीवन में उपयोगी हो सकता है।
AI और मानव बुद्धिमत्ता का समझा अंतर
कार्यशाला में बच्चों ने Artificial Intelligence और Human Intelligence के बीच अंतर को समझा। विद्यार्थियों को उनके आसपास और दैनिक जीवन में AI के विभिन्न उपयोगों के बारे में भी जानकारी दी गई।
‘हैंड्स-ऑन जादू’, ‘AI डिटेक्टिव’ और विभिन्न मनोरंजक गेम्स के माध्यम से बच्चों को AI की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक और रोचक तरीके से समझने का अवसर मिला।
सुरक्षित और जिम्मेदार AI इस्तेमाल पर जोर
कार्यशाला में विद्यार्थियों को AI के Safe Use के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि AI का इस्तेमाल पढ़ाई और अध्ययन में सहायक उपकरण के रूप में कैसे किया जा सकता है और तकनीक का उपयोग करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने तकनीक का सही, सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल करने का संकल्प भी लिया।
बच्चों में तकनीक के प्रति झिझक दूर करना उद्देश्य
नवयुग धरोहर धरा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थान के संस्थापक अशोक कुमार यादव ने कहा कि संस्था की पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों के भीतर तकनीक को लेकर झिझक दूर करना और उनमें जिज्ञासा, नैतिकता तथा रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को AI के बारे में केवल जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें इसके सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक करना जरूरी है।
प्रधानाचार्या ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या स्वाती ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों के लिए आयोजित इस आधुनिक एवं उपयोगी कार्यशाला की सराहना की।
कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षकों के साथ सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सत्यबन्धु भारत | लखनऊ

